अहमदाबाद में 29 नवंबर 2026 को होने वाली Adani Ahmedabad Marathon में चार युद्ध-विकलांग पूर्व सैनिक हिस्सा लेंगे. War Wounded Foundation (WWF) पहली बार इस मैराथन में अपना दल उतार रही है. इन पूर्व सैनिकों की भागीदारी #Run4OurSoldiers पहल के तहत सैनिकों के सम्मान और उनके कल्याण का संदेश देगी.

दल में नाइक अशोक कुमार, सूबेदार सतबीर सिंह चौहान, पूर्व सिपाही राजेश कुमार और पूर्व क्राफ्ट्समैन नरेश कुमार शामिल हैं. चारों ने सेवा के दौरान गंभीर चोटों का सामना किया, लेकिन बाद में पुनर्वास, नियमित अभ्यास और सामुदायिक समर्थन के जरिए सक्रिय जीवन की ओर वापसी की.

अशोक कुमार 2002 में नियंत्रण रेखा के पास मोर्टार हमले में घायल हुए थे. सतबीर सिंह चौहान को 2005 में गंभीर चोटें आईं और उन्हें आजीवन 100 प्रतिशत विकलांगता दी गई. राजेश कुमार ने 2001 में पुंछ क्षेत्र में बारूदी सुरंग विस्फोट में एक पैर गंवाया, जबकि नरेश कुमार 1999 में विस्फोट में घायल हुए और उनकी सुनने की क्षमता प्रभावित हुई.

मैराथन आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्ष 3,000 से अधिक रक्षा कर्मियों ने इसमें भाग लिया था. इस बार ये चार पूर्व सैनिक दौड़ के जरिए यह संदेश देंगे कि सेवा के दौरान लगी चोटें जज्बे और आगे बढ़ने की इच्छा को समाप्त नहीं करतीं.