सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार शाम अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में हुआ. तीन दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने फुटबॉल को किक मारकर की. प्रतियोगिता का शुभंकर ‘गजरू’ बनाया गया है.

इस आयोजन में सरगुजा जिले के सातों विकासखंडों—अंबिकापुर, उदयपुर, बतौली, मैनपाट, लखनपुर, लुंड्रा और सीतापुर—से करीब 1,800 खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल हो रहे हैं. जूनियर बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी 11 खेलों में हिस्सा लेंगे. इनमें तीरंदाजी, महिला रस्साकसी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन शामिल हैं.

आयोजकों के अनुसार, सरगुजा के खेल इतिहास में पहली बार फ्लड लाइट की रोशनी में फुटबॉल मैच आयोजित किया जाएगा. प्रतियोगिता का स्लोगन ‘खेले बार आघू आबो, सरगुजा के मान बढ़ाबो’ रखा गया है.

विधायक ने दिलाई खेल भावना की शपथ

उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज ने खिलाड़ियों से लगातार मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और नियमों का पालन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने को कहा. विधायक ने खिलाड़ियों को जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया और सभी को जिले के गौरव व सम्मान को बनाए रखने की शपथ दिलाई.

सरगुजा ओलंपिक के पहले चरण में जिले के सातों विकासखंडों से 88,509 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था. इनमें 36,319 पुरुष और 52,190 महिला खिलाड़ी शामिल हैं. ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 10 अक्टूबर तक आयोजित की गई थीं. इन मुकाबलों से चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं. विजेताओं को नगद पुरस्कार और मेडल दिए जाएंगे.

कार्यक्रम में निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर और भरत सिंह सिसोदिया समेत अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.