पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने बताया है कि भारतीय टीम से लंबे समय तक बाहर रहने का दौर उनके क्रिकेट करियर के सबसे कठिन चरणों में से एक था. उनके मुताबिक, इस दौरान वह करीब 18 महीने तक अवसाद से जूझते रहे और लगातार सोचते रहे कि उनसे ऐसी कौन-सी गलती हुई है, जिसकी वजह से उन्हें मौके नहीं मिल रहे.
मिश्रा ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा से बातचीत में कहा कि वह अलग-अलग जगहों पर क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन उनके मन में यही सवाल बना रहता था कि उन्हें टीम से बाहर क्यों रखा जा रहा है. वह कुछ घरेलू टूर्नामेंटों, दलीप ट्रॉफी और India A के जोनल सेटअप के लिए भी नहीं चुने गए थे.
चयनकर्ता की सलाह से बदला नजरिया
मिश्रा के अनुसार, एक चयनकर्ता ने उनसे कहा कि वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं. इसके बाद उन्होंने आत्ममंथन किया और महसूस किया कि उनका ध्यान घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन करने के बजाय सिर्फ भारतीय टीम में वापसी पर लगा हुआ था.
उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लौटकर अपने खेल पर काम किया. बेहतर प्रदर्शन के बाद मिश्रा ने 2008 में भारतीय टीम में वापसी की, जो उनके अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के करीब पांच साल बाद हुई.
मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. उनके नाम तीनों प्रारूपों में कुल 156 विकेट हैं.
