गुजरात के आनंद जिले में खेल महाकुंभ के लिए सभी स्कूलों से अनिवार्य एंट्री कराने के निर्देश के बाद स्कूल प्रबंधन के सामने बच्चों को खेलों के लिए तैयार करने की चुनौती खड़ी हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिले में करीब 1,450 स्कूल हैं, लेकिन प्राथमिक स्कूलों में लगभग 220 सीपीएड शिक्षक ही उपलब्ध हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले करीब 15 वर्षों से नए व्यायाम शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है.
निर्देश के तहत स्कूलों को अंडर-9, अंडर-11, अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्गों में पंजीकरण कराना है. स्कूलों के सामने सवाल है कि जिन खेलों के लिए स्थानीय स्तर पर मैदान, उपकरण या प्रशिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, उनमें बच्चों को प्रशिक्षण कैसे दिया जाए. रिपोर्ट के मुताबिक, जिले की करीब 50 प्रतिशत स्कूलों के पास अपना मैदान नहीं है.
खेल महाकुंभ में तैराकी, स्केटिंग, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो, कुश्ती, तीरंदाजी, बास्केटबॉल, हॉकी, शूटिंग बॉल और जिम्नास्टिक्स जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं. हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि जिले की लगभग 70 प्रतिशत स्कूलों में इनमें से कई खेलों की नियमित व्यवस्था नहीं है. ऐसे में स्कूलों को एंट्री कराने के बाद खिलाड़ियों का चयन और प्रशिक्षण करना कठिन हो रहा है.
300 से अधिक विद्यार्थियों वाली स्कूलों के लिए अनुबंध आधार पर खेल सहायकों की नियुक्ति की अनुमति दी गई थी. लेकिन चयन प्रक्रिया में आवश्यक परीक्षा की शर्त के चलते जिले में केवल 24 खेल सहायक चुने जाने की जानकारी दी गई है.
पिछले वर्ष जिले में करीब 2.7 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण बताया गया था, जबकि प्राथमिक और माध्यमिक स्तर को मिलाकर औसतन करीब दो लाख विद्यार्थी पंजीकृत होते हैं और लगभग 70 प्रतिशत भाग लेते हैं. जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी अर्चना प्रजापति ने कहा कि सभी स्कूलों की एंट्री कराने का निर्देश उच्च स्तर से आया है और इसी आधार पर स्कूलों को सूचित किया गया है.
