भारत के पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले 17 अक्टूबर को अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं. 17 अक्टूबर 1970 को जन्मे कुंबले ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ, तेजी और उछाल के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई. उन्होंने टेस्ट करियर में 619 विकेट हासिल किए.

कुंबले के करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 7 फरवरी 1999 को दिल्ली में पाकिस्तान के खिलाफ आया. उन्होंने 26.3 ओवर में 74 रन देकर पारी के सभी 10 विकेट झटके. इसके साथ वह टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 10 विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने. उनसे पहले इंग्लैंड के जिम लेकर ने 1956 में यह उपलब्धि हासिल की थी.

विदेशी मैदानों पर भी असरदार प्रदर्शन

2002 के लीड्स टेस्ट में कुंबले ने सात विकेट लेकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया. 2003-04 के एडिलेड टेस्ट में उनके छह विकेट भी भारत की ऐतिहासिक जीत के प्रमुख कारणों में रहे. 1996 से 1998 के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट मुकाबलों में उन्होंने चार मैचों में 32 विकेट लिए.

कुंबले ने 2004-05 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 400 विकेट पूरे किए. जनवरी 2008 में पर्थ टेस्ट में वह 600 टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे गेंदबाज बने. अगस्त 2007 में द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने अपने टेस्ट करियर का इकलौता शतक लगाया. उन्होंने 117वें टेस्ट में नाबाद 110 रन बनाए.

2002 के एंटीगा टेस्ट में टूटे जबड़े के बावजूद कुंबले ने गेंदबाजी की. उन्होंने लगातार 14 ओवर डाले और ब्रायन लारा का विकेट हासिल किया. इससे पहले बल्लेबाजी के दौरान मर्विन डिलन की गेंद उनके जबड़े पर लगी थी.

कप्तानी और कोचिंग की भूमिका

नवंबर 2007 में कुंबले को भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया. 2007-08 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनकी अगुवाई में भारत ने पर्थ में जीत दर्ज की. उन्होंने 14 टेस्ट में कप्तानी की, जिनमें भारत ने तीन जीते, पांच हारे और छह मुकाबले ड्रॉ रहे. पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत ने उनकी कप्तानी में जीत दर्ज की, जो 27 वर्षों बाद मिली घरेलू सीरीज जीत थी.

अक्टूबर 2008 में दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टेस्ट खेलने के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया. बाद में उन्होंने क्रिकेट प्रशासन में भी भूमिका निभाई और 2012 में आईसीसी क्रिकेट समिति के अध्यक्ष बने. 23 जून 2016 को बीसीसीआई ने उन्हें भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया.