फ्रांस के टेनिस खिलाड़ी आर्थर रिंडरकनेख ने डोपिंग टेस्ट से कथित तौर पर इनकार करने के आरोप को खारिज किया है. इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (ITIA) ने बुधवार को पुष्टि की कि खिलाड़ी पर जून में फ्रांस के ब्रिटनी क्षेत्र में टेस्ट से इनकार करने का आरोप लगाया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के बाद ITIA ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि रिंडरकनेख के खिलाफ आरोप दर्ज किया गया है. एजेंसी के अनुसार, मामलों को गोपनीय रखने के लिए वह पूरी सावधानी बरतती है और जांच का विवरण सार्वजनिक होने से निराश है. मामले की सुनवाई अगले साल की शुरुआत में एक स्वतंत्र ट्रिब्यूनल करेगा.

रिंडरकनेख ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने आरोप से इनकार करते हुए पहले ही स्वतंत्र ट्रिब्यूनल में मामले की सुनवाई का अनुरोध किया है. उनका कहना है कि सुनवाई के बाद उन्हें टेस्ट से इनकार के आरोप से मुक्त कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी कोई प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया और पेशेवर टेनिस में उनकी उपलब्धियां मेहनत और ईमानदारी से हासिल हुई हैं.

ITIA के मुताबिक, यदि ट्रिब्यूनल उन्हें टेस्ट से इनकार का दोषी पाता है तो अधिकतम चार साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है. हालांकि, यदि पैनल यह माने कि इसमें खिलाड़ी की महत्वपूर्ण गलती नहीं थी, तो प्रतिबंध की अवधि दो साल तक हो सकती है.

31 वर्षीय रिंडरकनेख की सर्वोच्च करियर रैंकिंग 24 रही है. वह 2025 Shanghai Masters 1000 के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें मोनाको के अपने चचेरे भाई वैलेंटिन वाचेरो से हार मिली. उनका सर्वश्रेष्ठ ग्रैंड स्लैम प्रदर्शन पिछले साल US Open के चौथे दौर तक पहुंचना है.