भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आगामी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले 2018 का सैंडपेपर विवाद एक बार फिर चर्चा में है. भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में ऋषभ पंत ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो विकेट के पीछे से इस पुराने मामले पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को चुटकी ले सकते हैं.

जियोस्टार पर बातचीत के दौरान अश्विन से पूछा गया कि क्या भारतीय खिलाड़ी सैंडपेपर कांड का जिक्र कर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि पंत अपने बेबाक और चुलबुले अंदाज के कारण ऐसा कर सकते हैं. अश्विन के मुताबिक, अगर भारत की ओर से स्लेजिंग शुरू होती है तो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी उसका जवाब देना चाहिए.

मौजूदा टीम को पुराने विवाद का बोझ न उठाने की सलाह

अश्विन ने 2018 की घटना के लिए मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को जिम्मेदार ठहराने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि पुरानी गलतियों का बोझ नई टीम पर नहीं डाला जाना चाहिए. उनके मुताबिक, लोगों से गलतियां होती हैं और अगर वे अपनी गलती स्वीकार कर आगे बढ़ते हैं, तो उनसे इससे ज्यादा उम्मीद नहीं की जानी चाहिए.

केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की साजिश सामने आने के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था. कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया था. हालिया चर्चाओं में उस्मान ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों और बैनक्रॉफ्ट के दावों का भी उल्लेख हुआ है.

अश्विन ने इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि कप्तान और उपकप्तान पर प्रतिबंध से यह संदेश गया कि टीम के नेताओं को अपनी जिम्मेदारी के लिए जवाबदेह होना चाहिए.

अश्विन ने भारत को भी आईना दिखाया

अश्विन ने भारतीय टीम को सलाह दी कि उसे ऑस्ट्रेलिया के ड्रेसिंग रूम की चिंता करने के बजाय अपनी टेस्ट क्रिकेट की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए. उनका कहना था कि पंत की चुटकियां और ऑस्ट्रेलिया की जवाबी स्लेजिंग अपनी जगह हैं, लेकिन भारत के लिए सबसे जरूरी अपने प्रदर्शन और कमियों में सुधार करना है.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 21 जनवरी से 3 मार्च तक प्रस्तावित है. मुकाबले भारत के पांच अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे.