एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. टूर्नामेंट में इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए को एक ही ग्रुप में रखा गया है. दोनों टीमों के बीच मुकाबला 22 नवंबर को दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
इंडिया-ए अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा. इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-ए से भिड़ंत होगी. ग्रुप चरण में टीम का आखिरी मुकाबला 24 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ निर्धारित है.
दो ग्रुप में आठ टीमें
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में श्रीलंका-ए, बांग्लादेश-ए, अफगानिस्तान-ए और हॉन्ग कॉन्ग को जगह मिली है. ग्रुप बी में इंडिया-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और UAE शामिल हैं. हर टीम ग्रुप की बाकी तीन टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी.
दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को होंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को खेला जाएगा. टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 19 नवंबर को यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UDST) क्रिकेट ग्राउंड पर होगा. अधिकतर मैच और फाइनल वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे.
पिछले संस्करण में भारत को मिली थी निराशा
2025 के संस्करण में इंडिया-ए की कप्तानी जितेश शर्मा ने की थी और वैभव सूर्यवंशी भी टीम का हिस्सा थे. भारत ने UAE को 148 रन से हराकर शुरुआत की, लेकिन पाकिस्तान-ए से आठ विकेट से हार गया. ओमान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची इंडिया-ए को बांग्लादेश-ए के खिलाफ टाई मैच के बाद सुपर ओवर में हार मिली थी.
पाकिस्तान-ए ने सेमीफाइनल में श्रीलंका-ए को पांच रन से हराया था और फाइनल में सुपर ओवर के जरिए बांग्लादेश-ए को मात देकर खिताब जीता था.
