जापान के आइची-नागोया में चल रहे 2026 एशियन गेम्स में भारत के लिए 27 सितंबर का दिन कई अहम मुकाबलों वाला होगा. स्क्वॉश में अभय सिंह और अनाहत सिंह अपने-अपने सिंगल्स फाइनल में उतरेंगे. वहीं एथलेटिक्स, शूटिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग और बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाड़ियों के पास पदक मुकाबलों और अगले दौर में पहुंचने का मौका होगा.
दिन की शुरुआत सुबह 4 बजे महिलाओं की मैराथन रेस वॉक से होगी, जिसमें मंजू रानी और प्रियंका गोस्वामी हिस्सा लेंगी. सुबह 6:10 बजे मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल की व्यक्तिगत और टीम क्वालिफिकेशन में उतरेंगी. इसी समय बैडमिंटन में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल खेलेगी.
सुबह 6:30 बजे पुरुषों और महिलाओं के ट्रैप क्वालिफिकेशन के पहले दिन भारतीय निशानेबाज चुनौती पेश करेंगे. एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर और थॉफीक नौशाद डेकाथलॉन के विभिन्न चरणों में भाग लेंगे. सुबह 9:10 बजे श्रीशंकर मुरली और डेविड सोलोमन लंबी कूद क्वालिफिकेशन में उतरेंगे. सुबह 10 बजे हरजिंदर कौर महिलाओं के 69 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग पदक मुकाबले में भाग लेंगी.
बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा का सामना जापान की अकाने यामागुची से महिलाओं के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में होगा. पीवी सिंधु का क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी कार्यक्रम में है, हालांकि यह क्वालिफिकेशन पर निर्भर बताया गया है. बॉक्सिंग में अंकुश, परवीन, सचिन सिवाच और नरेंद्र अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे.
दोपहर 12:30 बजे अभय सिंह मलेशिया के एनजी एइन यो के खिलाफ पुरुषों के सिंगल्स स्वर्ण पदक मुकाबले में खेलेंगे. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे अनाहत सिंह का सामना मलेशिया की सिवासांगरी सुब्रमणियम से महिलाओं के सिंगल्स फाइनल में होगा.
एथलेटिक्स के प्रमुख पदक मुकाबले शाम 3:30 बजे से शुरू होंगे. शाइली सिंह और एन्सी सोजन महिलाओं की लंबी कूद फाइनल में उतरेंगी. इसके बाद हरिता भद्रा और उन्नति बोलैंड 200 मीटर, अनिमेष कुजुर पुरुषों की 200 मीटर और सर्वेश कुशारे व जे आदर्श राम ऊंची कूद फाइनल में हिस्सा लेंगे. शाम 5:52 बजे पारुल चौधरी और अंकिता महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल में दौड़ेंगी.
भारत महिला हॉकी में सिंगापुर से शाम 3:30 बजे और पुरुष वॉलीबॉल में वियतनाम से दोपहर 12:30 बजे भिड़ेगा. तीरंदाजी, तलवारबाजी, नौकायन, सर्फिंग, कुराश, सेपकटकरा और घुड़सवारी में भी भारतीय खिलाड़ी मुकाबलों में शामिल होंगे.
