भारत के निशानेबाज एशियन गेम्स 2026 में राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे. शूटिंग प्रतियोगिताएं जापान में 19 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होंगी. सभी समय भारतीय मानक समय (IST) के अनुसार हैं. जापान का समय भारत से 3 घंटे 30 मिनट आगे है.
भारतीय टीम में कौन-कौन शामिल
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में रुद्रांक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों उतरेंगे. महिलाओं की इसी स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में पार्थ माने और एलावेनिल वलारिवन की जोड़ी होगी. 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में पुरुष वर्ग के लिए रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार, जबकि महिला वर्ग में विदर्शा विनोद, तिलोत्तमा सेन और आशी चौकसे शामिल हैं.
पिस्टल स्पर्धाओं में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल के लिए केदारलिंग उचागानवे, कमलजीत और आकाश भारद्वाज का चयन है. महिलाओं में मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरुचि सिंह उतरेंगी. मनु भाकर और ईशा सिंह महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में भी भाग लेंगी, जबकि राही सरनोबत तीसरी खिलाड़ी हैं. पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में अनिश भानवाला भारत की प्रविष्टि हैं.
शॉटगन में पुरुषों की ट्रैप टीम में क्यानान चेनाई, अहवर रिजवी और शपथ भारद्वाज हैं. महिलाओं की ट्रैप टीम में मनीषा कीर, नीरू धांडा और आशीमा अहलावत शामिल हैं. स्कीट में अनंतजीत सिंह नरुका, भवतेघ सिंह गिल, मीराज अहमद खान, परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और महेश्वरी चौहान भाग लेंगी. मिश्रित ट्रैप में अनंतजीत- महेश्वरी और मिश्रित स्कीट में क्यानान चेनाई-नीरू धांडा की जोड़ी है.
भारत के प्रमुख मुकाबलों का कार्यक्रम
20 सितंबर को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल का फाइनल सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक होगा. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल का फाइनल 21 सितंबर को सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक है. 22 सितंबर को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम का फाइनल सुबह 7:45 से 9 बजे तक होगा.
23 सितंबर को महिलाओं और पुरुषों की स्कीट फाइनल स्पर्धाएं क्रमशः सुबह 10 बजे और 11:30 बजे होंगी. 24 सितंबर को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल का फाइनल सुबह 10:15 से 11 बजे तक होगा. पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3P का फाइनल 25 सितंबर को सुबह 9 से 10 बजे तक और महिलाओं का फाइनल 26 सितंबर को इसी समय होगा.
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल का फाइनल 28 सितंबर को सुबह 10 से 10:40 बजे तक, ट्रैप के महिला और पुरुष फाइनल 29 सितंबर को तथा मिश्रित ट्रैप का फाइनल 30 सितंबर को होगा. पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल का फाइनल 1 अक्टूबर को दोपहर 2:20 से 3:10 बजे तक निर्धारित है.
यह कार्यक्रम अंतिम प्रविष्टियों और तकनीकी बैठकों के बाद बदल सकता है.
