एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल मुकाबला तय हो गया है. यह मैच 1 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे खेला जाएगा. श्रीलंका को नेपाल के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने के बाद अगले दौर में जगह मिली.
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में मंगलवार, 29 सितंबर को नेपाल और श्रीलंका के बीच निर्धारित क्वार्टर फाइनल में लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी. मैदान खेलने लायक नहीं हो सका और मुकाबला रद्द करना पड़ा.
एशियन गेम्स के नॉकआउट नियमों के अनुसार, बारिश के कारण मैच रद्द होने पर बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में प्रवेश मिलता है. आईसीसी टी20 रैंकिंग में श्रीलंका 9वें और नेपाल 14वें स्थान पर है. इसी आधार पर श्रीलंका को सेमीफाइनल का टिकट मिला और नेपाल का अभियान समाप्त हो गया.
नेपाल ने ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान हासिल करके क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. टीम ने अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ पांच विकेट की जीत से की थी. इसके बाद जापान के खिलाफ उसका मुकाबला बारिश और खराब परिस्थितियों के कारण बिना नतीजे के समाप्त हुआ. नेपाल के खाते में तीन अंक रहे.
भारत भी मौसम से प्रभावित मुकाबले के बाद सेमीफाइनल में पहुंचा है. भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच बारिश के कारण पूरी तरह धुल गया था. बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम अगले दौर में गई.
टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की टीम पहुंच चुकी है. पाकिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग के बीच मुकाबला भी बारिश के कारण बिना टॉस रद्द करना पड़ा था.
