भारत ने एशियाई खेल 2026 की ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया. नीरू धांडा और कयनान चेनाई की भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कुल 34 अंक हासिल किए और कतर को पीछे छोड़ा. कतर की जोड़ी 32 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि चीन ने 23 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता. ईरान 12 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा.
भारतीय जोड़ी ने फाइनल की शुरुआत छह अंकों के साथ की. दूसरे सीरीज में प्रदर्शन बेहतर करते हुए भारत का स्कोर 16 अंक हो गया. तीसरी सीरीज के बाद भारतीय टीम 26 अंकों तक पहुंची और अंतिम चरण में मजबूत प्रदर्शन करते हुए कुल 34 अंक हासिल किए.
यह नीरू धांडा का इस एशियाई खेल में तीसरा पदक है. इससे पहले वह व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. वह इस स्पर्धा में व्यक्तिगत एशियाई खेल स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनी थीं. इसके अलावा उन्होंने महिलाओं की टीम स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया.
मिक्स्ड टीम का स्वर्ण जीतने के बाद धांडा के खाते में अब दो स्वर्ण और एक रजत पदक हैं. कयनान चेनाई के साथ उनकी जोड़ी ने फाइनल में लगातार सुधार किया और निर्णायक चरण में कतर पर बढ़त बनाए रखी.
इस जीत से एशियाई खेलों में भारत के शूटिंग प्रदर्शन को एक और स्वर्ण पदक मिला. इससे पहले दिन भारत ने तीरंदाजी में भी दो स्वर्ण पदक जीते थे.
