एशियन गेम्स में क्रिकेट की वापसी से पहले टीमों के ठहरने और आयोजन स्थल की सुविधाओं को लेकर उठे सवालों पर जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) के CEO नाओकी एलेक्स मियाजी ने स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली टीमों को होटल में ठहरने का विकल्प दिया गया है, हालांकि टीमें चाहें तो अपनी व्यवस्था भी कर सकती हैं.

एशियन गेम्स की शुरुआत 17 सितंबर से होनी है. क्रिकेट मुकाबले जापान के आइची प्रांत के निसिन शहर स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे. रिपोर्ट के अनुसार, टीमों के लिए प्रस्तावित होटल आयोजन स्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर है. इसी दूरी और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में प्रमुख क्रिकेट देशों ने चिंता जताई थी.

आयोजन की जिम्मेदारी AINAGOC और ACC की

मियाजी ने कहा कि एशियन गेम्स का आयोजन आइची-नागोया गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमेटी (AINAGOC), ACC और ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के सहयोग से किया जा रहा है. उनके मुताबिक, JCA ने कुछ क्षेत्रों में मदद की है, लेकिन वह आयोजन की सीधी जिम्मेदार संस्था नहीं है.

उन्होंने कहा कि ACC लंबे समय से AINAGOC के साथ मिलकर ठहरने के विकल्पों पर चर्चा कर रहा है. मियाजी ने यह भी रेखांकित किया कि केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि एशियन गेम्स के कई अन्य खेल भी सीमित सुविधाओं के बीच आयोजित किए जा रहे हैं. उनके अनुसार, कुछ टीमों के लिए क्रूज शिप या कंटेनर होटल जैसी व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं.

खिलाड़ियों के लिए शौचालय और ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था

खिलाड़ियों के शौचालयों को लेकर सामने आई चिंताओं पर मियाजी ने कहा कि प्लेयर एरिया के भीतर ही शौचालय उपलब्ध होंगे. उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर अस्थायी और स्थायी, दोनों तरह की सुविधाएं मौजूद हैं.

मेकशिफ्ट ड्रेसिंग रूम को लेकर उन्होंने कहा कि अस्थायी होने के बावजूद इन्हें खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए यथासंभव आरामदायक बनाने की कोशिश की जा रही है. मैदान के आसपास मौजूद स्थायी सुविधाएं भी खिलाड़ियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध रहेंगी.

17 महीनों में तैयार हुआ क्रिकेट मैदान

मियाजी के मुताबिक, आयोजकों के पास आयोजन स्थल तैयार करने के लिए केवल 17 महीने थे. आइची प्रांत में पहले से किसी मानक क्रिकेट मैदान के मौजूद नहीं होने के कारण कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क को शुरुआत से विकसित करना पड़ा.

उन्होंने कहा कि सीमित समय और संसाधनों के बावजूद AINAGOC और ACC ने खेलने योग्य सुविधाएं तैयार करने के लिए मिलकर काम किया है. मैदान में टर्फ और हाइब्रिड पिचें होंगी. पिच तैयार करने के काम में श्रीलंका क्रिकेट की ओर से क्यूरेटर भी उपलब्ध कराए गए हैं.

JCA ने इस बीच जापान में क्रिकेट के प्रति स्थानीय रुचि बढ़ाने पर ध्यान दिया है. मियाजी ने बताया कि क्रिकेट को स्कूलों और शॉपिंग सेंटरों तक ले जाया गया, जहां इसे उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली. उन्होंने निसिन शहर के समर्थन का उल्लेख करते हुए एशियन गेम्स में क्रिकेट के सफल आयोजन का भरोसा जताया.