भारत ने जापान के नागोया में आयोजित आइची-नागोया एशियन पैरा गेम्स में रिकॉर्ड 114 पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया. शनिवार को मिजुहो पार्क एथलेटिक्स स्टेडियम में समापन समारोह के साथ सप्ताह भर चला यह महाद्वीपीय टूर्नामेंट खत्म हुआ. भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा.
भारतीय दल ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक जीते. यह 2022 के हांगझोउ एशियन पैरा गेम्स में हासिल किए गए 108 पदकों के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से छह पदक अधिक है. दोहरे स्वर्ण पदक विजेता निषाद कुमार और मोना अग्रवाल ने समापन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक की भूमिका निभाई.
भारत की ओर से सबसे अधिक पदक पैरा एथलेटिक्स में आए. इस स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य समेत कुल 65 पदक जीते. पैरा बैडमिंटन से 16, पैरा स्विमिंग से 11, पैरा टेबल टेनिस से सात, पैरा तीरंदाजी से छह और पैरा शूटिंग से पांच पदक मिले. पैरा जूडो और पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत ने दो-दो पदक जीते.
पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर
चीन 435 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा, जिसमें 207 स्वर्ण शामिल हैं. मेजबान जापान 186 पदकों के साथ दूसरे और उज्बेकिस्तान 145 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा. भारत की ओर से 168 पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया, जबकि पिछले संस्करण में देश के 309 खिलाड़ी शामिल हुए थे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय दल को उसके रिकॉर्ड प्रदर्शन पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, दृढ़ता और आत्मविश्वास का यह परिणाम युवाओं को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगा.
इस बार खेलों में 45 देशों और क्षेत्रों के करीब 4,000 खिलाड़ियों एवं सहयोगी कर्मचारियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में 18 खेल शामिल थे. एशियन पैरा गेम्स का अगला संस्करण 2030 में कतर के दोहा में आयोजित किया जाएगा.
