2026 एशियन पैरा गेम्स की शुरुआत 18 अक्टूबर को जापान के नागोया में ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगी. भारत में समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग दोपहर 2:30 बजे से देखी जा सकेगी. जापान के स्थानीय समय के अनुसार कार्यक्रम शाम 6 बजे शुरू होगा.

कहां होगा समारोह और कैसे देखें

ओपनिंग सेरेमनी नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसे पालोमा मिजुहो स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है. भारत में इसका लाइव प्रसारण FanCode ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा. DD Sports पर प्रसारण की संभावना बताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

यह एशियन पैरा गेम्स का पांचवां संस्करण है. प्रतियोगिताएं 18 से 24 अक्टूबर तक चलेंगी और आयोजन स्थल जापान के आइची-नागोया क्षेत्र तथा आसपास की नगरपालिकाओं में होंगे. करीब 3,000 खिलाड़ी 45 नेशनल पैरालंपिक कमेटियों का प्रतिनिधित्व करते हुए 18 खेलों में हिस्सा लेंगे. इस आयोजन का आधिकारिक आदर्श वाक्य ‘Imagine One Heart’ है.

भारत का दल और ध्वजवाहक

भारत ने प्रतियोगिता के लिए 281 सदस्यीय दल भेजा है. इसमें 168 खिलाड़ी और 113 अधिकारी व सहयोगी स्टाफ शामिल हैं. भारतीय खिलाड़ियों में 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं, जो 11 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे. पैरा एथलेटिक्स में भारत के सबसे अधिक 62 खिलाड़ी हैं, जबकि पैरा बैडमिंटन में 28 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और धावक सिमरन शर्मा उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे. शुरुआत में भगत के साथ टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल का नाम तय था, लेकिन 19 अक्टूबर को होने वाले उनके क्वार्टर फाइनल से पहले आराम देने के लिए चयन में बदलाव किया गया. सुमित अंतिल, प्रमोद भगत और अवनि लेखरा भारत के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं.