गुजरात के महीसागर जिले के बालासिनोर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को फुटबॉल खेलते समय 15 वर्षीय छात्र उत्सव मेहरा की मौत हो गई. वह नौवीं कक्षा में पढ़ता था और स्कूल परिसर में अन्य छात्रों के साथ फुटबॉल खेल रहा था. इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वह मैदान पर गिर पड़ा.

मौके पर मौजूद छात्रों और शिक्षकों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच के आधार पर डॉक्टरों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है. हालांकि, मौत का सटीक कारण अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं हुआ है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए बालासिनोर के सरकारी अस्पताल भेजा गया है. मेडिकल टीम ने आगे की जांच के लिए नमूने भी लिए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रयोगशाला जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

परिजनों और शिक्षकों के अनुसार उत्सव पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय था. वह राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुका था और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की तैयारी कर रहा था. घटना के बाद स्कूल में शोक का माहौल है.