बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया. प्रतियोगिता 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है. उद्घाटन कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने ध्वजारोहण किया, जबकि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रतियोगिता शुरू होने की घोषणा की.
प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभागों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. आयोजकों के अनुसार, 240 बालक और 240 बालिकाओं सहित कुल 480 खिलाड़ी मुकाबलों में शामिल होंगे. इनके अलावा 100 ऑफिशियल भी आयोजन का हिस्सा हैं, जिससे कुल प्रतिभागियों की संख्या 580 होगी.
तीन खेलों में आयु वर्गवार मुकाबले
प्रतियोगिता में कुराश के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले होंगे. रग्बी में अंडर-14 बालक और बालिका वर्ग, जबकि नेटबॉल में अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी.
कुराश के मुकाबले नगर भवन बलौदाबाजार, नेटबॉल की स्पर्धाएं जिला स्टेडियम के लॉन टेनिस मैदान और रग्बी के मुकाबले पंडित चक्रपाणी शुक्ल सेजेस हिंदी माध्यम स्कूल में होंगे.
उद्घाटन समारोह में मंत्री टंकराम वर्मा ने खिलाड़ियों से अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ खेलने की अपील की. उन्होंने कहा कि जीत आगे बढ़ने का अवसर देती है, जबकि हार से खिलाड़ी अपनी कमियां सुधारना सीखता है. उन्होंने प्रतिभागियों से तनावमुक्त होकर पूरी ऊर्जा के साथ खेलने का आह्वान किया.
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को खेल के मैदान तक लाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है. उन्होंने गांव-गांव में खेल मैदानों के विकास की जरूरत भी बताई. राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया.
प्रतियोगिता के दौरान कुराश के एक राष्ट्रीय खिलाड़ी ने प्रतिभागियों को नियमों का पालन, अनुशासन और खेल भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई.
