बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए बस्तर ओलिंपिक के तीसरे संस्करण की घोषणा की गई है. खिलाड़ियों का पंजीयन 1 से 30 अक्टूबर तक होगा. प्रशासन ने इस बार पिछले आयोजन की तुलना में भागीदारी दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है.
प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा. पहले चरण में विकासखंड स्तरीय मुकाबले 1 से 13 नवंबर तक होंगे. इसके बाद चयनित खिलाड़ियों के बीच जिला स्तरीय स्पर्धाएं 16 से 25 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी. अंतिम चरण में संभाग स्तरीय फाइनल 7 से 11 दिसंबर तक होगा.
पिछले संस्करण में 3.91 लाख युवाओं ने पंजीयन कराया था. इस बार प्रशासन ने करीब आठ लाख पंजीयन का लक्ष्य तय किया है. आयोजन के जरिए बस्तर के दूरस्थ वन क्षेत्रों और माओवाद प्रभावित इलाकों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की योजना है.
तीसरे संस्करण में कुल 11 खेलों को शामिल किया गया है. इनमें एथलेटिक्स, 30 और 50 मीटर तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, हॉकी और वेटलिफ्टिंग शामिल हैं. महिला सीनियर वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के तौर पर रखा गया है.
प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए जूनियर वर्ग होगा. इसके अलावा सीनियर महिला और पुरुष वर्ग में भी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे.
आयोजन की विशेष पहल के तहत माओवादी हिंसा में दिव्यांग हुए खिलाड़ियों और पुनर्वासित युवाओं को सीधे संभाग स्तरीय फाइनल में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा. खेल विभाग ने आयोजन की तैयारियों के लिए संभागायुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
