भिलाई में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की लीज संबंधी कार्रवाई के विरोध में लीजधारकों ने अपना आंदोलन तेज करने का फैसला किया है. सेक्टर-6 की सड़क नंबर 34 स्थित डोम शेड में नगर लीजधारक कल्याण एवं नागरिक विकास समिति की आपात बैठक हुई, जिसमें लीजधारकों ने प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताई.
बैठक में समिति के अध्यक्ष प्रेमसागर ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए उचित और पूर्ण पुनर्वास की लिखित गारंटी मिलने के बाद ही किसी आगे की कार्रवाई पर चर्चा हो सकती है. उन्होंने कहा कि सम्मानजनक और ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के बिना किसी भी लीजधारक को हटाने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी.
समिति के अनुसार, भिलाई में लंबे समय से रह रहे लीजधारकों के मानवीय और कानूनी अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती. प्रेमसागर ने कहा कि लीजधारक अब तक शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन इसे अधिकारों से समझौते के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
बैठक में यह भी कहा गया कि यदि जबरन या मनमाने तरीके से बेदखली का प्रयास किया गया, तो लीजधारक कानूनी रास्ते से उसका विरोध करेंगे. समिति ने बीएसपी प्रबंधन से बातचीत के लिए खुले मंच की मांग की, ताकि विवाद का न्यायसंगत समाधान निकाला जा सके.
बैठक में मौजूद लीजधारकों और वरिष्ठ नागरिकों ने समिति के नेतृत्व में आगे की कार्रवाई का समर्थन किया. सर्वसम्मति से तय किया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियां और मांगें रखेगा. बैठक में आनंद मार्कंडेय, अनिल राव, आलोक कुमार सिन्हा, सुदामा नायक, नलिन कुमार सेम्युअल, मोहम्मद जाहिर समेत कई प्रभावित नागरिक उपस्थित रहे.
