भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाने के दौरान हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय अंकित सिंह की मौत हो गई. घटना 25 सितंबर की रात कुरुद वार्ड में हुई. पुलिस ने मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है और बाद में हत्या से जुड़ी धारा भी जोड़ी गई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना की परिस्थितियों की हर एंगल से जांच की जा रही है.
अंकित सिंह कैलाश नगर का रहने वाला था. बताया गया है कि वह सुंदर विहार फेस-2 स्थित दुर्गा पंडाल गार्डन में दोस्तों के साथ जन्मदिन पर केक काट रहा था. इसी दौरान परिचित युवक वहां पहुंचे. पुलिस और परिजनों से सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोबारा केक काटने की बात को लेकर अंकित और एक युवक के बीच विवाद हुआ. दोस्तों ने बीच-बचाव कर अंकित को वहां से हटा दिया.
परिजनों और दोस्तों का आरोप है कि विवाद के बाद बोलेरो पिकअप से अंकित को टक्कर मारी गई और वाहन को दोबारा मोड़कर कुचलने की कोशिश की गई. गंभीर हालत में उसे चंदूलाल चंद्राकर स्मृति अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, युवकों के बीच झगड़े के दौरान पिकअप की चपेट में आने से अंकित की मौत हुई. उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन, मिलिंद साहू और शुभम शर्मा शामिल हैं. पुलिस ने शुरुआत में 184-MOT, 105-BNS और 110-BNS के तहत अपराध दर्ज किया था. परिजन और करणी सेना हत्या की धारा लगाने की मांग कर रहे थे. 27 सितंबर को करणी सेना ने जामुल थाने का घेराव भी किया. पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है.
