छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राष्ट्रीय पार्टी में पद दिलाने का भरोसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपए लेने का मामला सामने आया है. सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे ने मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी की रहने वाली निखत परवीन साबरी पर रकम लेने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
चेतन के अनुसार, उसकी निखत से पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी. बातचीत के दौरान निखत ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताया और बड़े नेताओं से संपर्क होने की बात कही. चेतन ने बताया कि गतौरी में जमीन से जुड़े विवाद में निखत ने पटवारी और राजस्व निरीक्षक से संबंधित काम कराने में मदद की थी. इसके बाद उसका निखत पर भरोसा बढ़ गया.
शिकायत के मुताबिक, निखत ने चेतन को पार्टी में पद दिलाने का प्रस्ताव दिया और इसके लिए पार्टी फंड में रकम जमा कराने की बात कही. उसने चेतन से उसकी शैक्षणिक डिग्री वाट्सऐप पर मंगाई और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में रकम जमा करने को कहा. चेतन ने 11 जुलाई 2025 से भुगतान शुरू करने की बात कही है. आरोप है कि कुछ रकम निखत की बहन सायना परवीन साबरी के खाते में भी जमा कराई गई.
ऑनलाइन भुगतान और नकद रकम का दावा
चेतन के अनुसार, 17 अगस्त 2026 तक उसने ऑनलाइन माध्यम से 62 लाख 63 हजार 194 रुपए जमा किए. इसके अलावा अलग-अलग समय पर 20 लाख रुपए नकद देने का भी दावा किया गया है. उसका आरोप है कि निखत हर बार पार्टी में काम आगे बढ़ने और नेताओं से बातचीत जारी होने की बात कहकर उसे भरोसा दिलाती रही.
चेतन का कहना है कि रकम देने के बाद भी उसे पार्टी में कोई पद नहीं मिला और न ही भुगतान की रसीद दी गई. पैसे वापस मांगने पर निखत ने कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार किया, बातचीत बंद कर दी और फोन करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
