दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दौरान दो ऑफिस कर्मचारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. दोनों कर्मचारी स्टेडियम के सामने स्थित एक ऑफिस में अपनी डेस्क पर बैठकर लाइव मैच देख रहे थे.

यह घटना मंगलवार, 27 अक्टूबर को सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन की बताई गई है. मैच के दौरान कैमरे का रुख ऑफिस की ओर गया और दोनों कर्मचारी स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर दिखाई देने लगे.

जैसे ही उनकी नजर स्क्रीन पर पड़ी और उन्हें पता चला कि दर्शक उन्हें देख रहे हैं, दोनों ने तुरंत अपनी कुर्सियां कंप्यूटर की ओर घुमा लीं. इसके बाद वे इस तरह काम करने लगे, जैसे वे काफी देर से अपने ऑफिस के काम में व्यस्त हों. उनकी अचानक बदली प्रतिक्रिया का वीडियो दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया.

मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 82.3 ओवर में 329 रन बनाए. मार्क्स एकरमैन 95 रन बनाकर शतक से चूक गए, जबकि एडेन मार्करम ने 78, डेविड बेडिंगम ने 50 और मार्को जानसेन ने 52 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 72 रन देकर छह विकेट लिए. तीसरे टेस्ट से पहले तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर थी.