अरुणाचल प्रदेश के भारोत्तोलक चारु पेसी चीन के निंगबो में होने वाली सीनियर विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. भारतीय भारोत्तोलन महासंघ (IWLF) ने उनका नाम टीम से वापस ले लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने पेसी के लिए स्टेपल्ड वीजा जारी किए जाने की जानकारी दी थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली स्थित चीनी वीजा आवेदन सेवा केंद्र ने भारतीय महासंघ से ऐसा undertaking मांगा था, जिसमें पेसी द्वारा इस वीजा को स्वीकार किए जाने की पुष्टि हो. इसके बाद महासंघ ने सरकारी अधिकारियों से सलाह ली. अधिकारियों ने कहा कि भारत अरुणाचल प्रदेश के निवासियों को चीन की ओर से जारी किए जाने वाले स्टेपल्ड वीजा को मान्यता नहीं देता.
इसके बाद IWLF ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग के भारोत्तोलक पेसी को प्रतियोगिता में नहीं भेजने का फैसला किया. चैंपियनशिप 24 अक्टूबर से शुरू होने वाली है. भारतीय दल में आठ खिलाड़ी शामिल हैं और इसकी अगुआई ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू करेंगी. बाकी खिलाड़ियों की वीजा प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रहने की बात कही गई है.
स्टेपल्ड वीजा पासपोर्ट पर नियमित वीजा स्टांप के बजाय अलग कागज पर जारी किया जाता है. भारत लंबे समय से अरुणाचल प्रदेश के निवासियों के लिए चीन की इस व्यवस्था को अपनी क्षेत्रीय अखंडता पर चुनौती मानता रहा है.
ऐसी स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है. जुलाई 2023 में अरुणाचल प्रदेश के वुशू खिलाड़ियों न्येमान वांगसू, ओनिलु तेगा और मेपुंग लामगू को चेंगदू में समर वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए स्टेपल्ड वीजा मिला था. भारत ने विरोध जताते हुए अपना पूरा वुशू दल वापस ले लिया था. उसी वर्ष हांगझोउ एशियाई खेलों से पहले भी इन खिलाड़ियों को प्रवेश और मान्यता संबंधी अड़चनों का सामना करना पड़ा था.
विश्व चैंपियनशिप चारु पेसी को अंतरराष्ट्रीय अनुभव और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक की योग्यता दौड़ में अहम रैंकिंग अंक हासिल करने का अवसर दे सकती थी.
