महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कार की टक्कर के बाद स्कूटर सवार व्यक्ति पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में देवेश नाम के व्यक्ति की मौत हो गई. घटना 22 अक्टूबर की बताई जा रही है और इसका वीडियो अब सामने आया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देवेश जिम से लौट रहा था. इसी दौरान पवन पराशर नाम के व्यक्ति की कार ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद देवेश सड़क पर गिर गया. आरोप है कि इसके बाद पवन ने हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से उसके सिर और चेहरे पर हमला किया. पुलिस के मुताबिक, देवेश की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने कार और रॉड जब्त की

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद पवन पराशर खुद सिडको पुलिस स्टेशन पहुंचा और सरेंडर किया. पुलिस ने हमले में इस्तेमाल कार और लोहे की रॉड जब्त कर ली है. आरोपी को अदालत में पेश किए जाने की बात कही गई है.

पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है. अभी तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. शुरुआती जानकारी में देवेश और पवन के बीच पुराना विवाद होने की बात सामने आई है.

देवेश मेस चलाने के साथ प्लॉटिंग का काम भी करता था. पुलिस को आशंका है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश या कारोबार से जुड़ा विवाद हो सकता है. हालांकि, इस संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.