छत्तीसगढ़ ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में गोवा को 4 विकेट से हरा दिया. कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में गोवा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए. छत्तीसगढ़ ने 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 197 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

छत्तीसगढ़ की जीत के नायक अमनदीप खरे रहे. उन्होंने 62 गेंदों पर 116 रन की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अमनदीप और आयुष पांडे ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े. आयुष 18 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद अमनदीप ने पारी संभाली और तेज रन बनाते हुए अपना शतक पूरा किया.

आखिरी ओवरों में देव आदित्य सिंह ने 7 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया. गोवा की ओर से शुभम तारी ने 3 और वासुकी कौशिक ने 2 विकेट लिए.

गोवा की पारी

टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले गेंदबाजी चुनी. गोवा के सलामी बल्लेबाज अभिनव तेजराना और ललित यादव ने पहले विकेट के लिए 102 रन जोड़े. अभिनव ने 62 और ललित ने 57 रन बनाए. दीप राज गांवकर 23 रन बनाकर नाबाद रहे. छत्तीसगढ़ के लिए विजय यादव ने 2 विकेट लिए.

अमनदीप खरे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के लिए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने. वह छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे बल्लेबाज भी हैं, जिन्होंने मल्टी-डे, वनडे और टी-20 तीनों प्रारूपों में शतक लगाया है. उनके नाम मल्टी-डे क्रिकेट में 17, वनडे में 5 और टी-20 में 1 शतक समेत कुल 23 शतक दर्ज हैं.