छत्तीसगढ़ में बुधवार, 21 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. मुख्यमंत्री रायपुर के माना में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड में शामिल होंगे. इसके बाद वे नवा रायपुर में अर्बन चैलेंज फंड कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे. कार्यशाला में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के भी शामिल होने की जानकारी है.

अर्बन चैलेंज फंड के तहत शहर के विकास के लिए 2,853 करोड़ रुपये की लागत से आठ योजनाएं विकसित करने का प्रस्ताव है. इनमें केंद्र सरकार से 713 करोड़ रुपये और राज्य सरकार से 682 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान बताया गया है. गंजमंडी के पुनर्विकास और नवीन मार्केट में व्यावसायिक केंद्र विकसित करने की योजना पर चर्चा होगी.

छोकरानाला में 197 करोड़ रुपये की लागत से 60 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का प्रस्ताव है. भनपुरी-रावांभाठा में 150 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने और शहर की जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए 675 करोड़ रुपये की योजना पर भी मंथन होगा.

मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मंत्रालय पहुंचकर जल जीवन मिशन का प्रस्तुतीकरण देखेंगे. इसके बाद वे बिलाईगढ़ के दशहरा उत्सव और भंडारपुरी में गुरु दर्शन एवं संत समागम कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनके शाम करीब साढ़े सात बजे मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम है.

रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज होगा. लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाएंगे और दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा.

इसके अलावा सांकरा में रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और मंदिर हसौद में दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा.