छत्तीसगढ़ में सोमवार, 12 अक्टूबर को राजनीतिक, खेल और सुरक्षा से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक दिल्ली में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होंगे. यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है.
प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के शामिल होने की जानकारी है. कांग्रेस के 35 विधायक भी इसमें हिस्सा लेंगे.
रायपुर में हॉकी लीग की जर्सी लॉन्च
खेल मंत्री अरुण साव रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की जर्सी लॉन्च करेंगे. कार्यक्रम दोपहर साढ़े तीन बजे एक निजी होटल में होगा. इस दौरान लीग की टीमों और खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी. लीग के अंबेसडरों के नामों की घोषणा भी प्रस्तावित है.
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम सोमवार को रायपुर पहुंचेगी. टीम की कप्तानी जोसेफीन नकोमी करेंगी. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू होगी. पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा. भारतीय टीम सोमवार से स्टेडियम में अभ्यास शुरू करेगी.
आरपीएफ का स्थापना दिवस और मौसम का पूर्वानुमान
रेलवे सुरक्षा बल 42वां स्थापना दिवस समारोह मनाएगा. कार्यक्रम में सुरक्षा तकनीकों, डिजिटल पहलों और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसमें आरपीएफ, रेलवे, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की जानकारी है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रह सकता है. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
