चीन की महिला क्रिकेट टीम की एशियन गेम्स 2026 में चुनौती क्वार्टर फाइनल खेले बिना ही खत्म हो गई. निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में चीन और बांग्लादेश के बीच मुकाबला लगातार बारिश और गीले मैदान के कारण रद्द कर दिया गया. मैच में टॉस तक नहीं हो सका और एक भी गेंद नहीं फेंकी गई.
नतीजा नहीं निकलने पर टूर्नामेंट के Playing Conditions के तहत बेहतर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग वाली टीम को सेमीफाइनल में भेजने का प्रावधान लागू हुआ. बांग्लादेश ICC महिला T20I रैंकिंग में 10वें स्थान पर है, जबकि चीन 36वें स्थान पर है. इसी आधार पर बांग्लादेश को अंतिम चार में जगह मिली.
चीन का अभियान मैदान पर उतरे बिना समाप्त
आठ टीमों की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में नॉकआउट चरण तक पहुंचने के बाद चीन को आगे बढ़ने की उम्मीद थी. हालांकि, नागोया के बाहरी इलाके में स्थित इस मैदान पर पूरे सप्ताह मौसम खराब रहा और गुरुवार को परिस्थितियां इतनी बिगड़ गईं कि मुकाबला पूरी तरह रद्द करना पड़ा. चीन की यह एशियन गेम्स क्रिकेट में तीसरी भागीदारी थी, जो 2010 के बाद पहली बार नॉकआउट चरण तक पहुंचने के बावजूद बिना क्वार्टर फाइनल खेले समाप्त हो गई.
बांग्लादेश अब 20 सितंबर को होने वाले सेमीफाइनल में भारत और मेजबान जापान के बीच शुक्रवार को होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से भिड़ेगा. भारत मौजूदा चैंपियन है और हरमनप्रीत कौर की अगुआई में खिताब बचाने उतरेगा. दूसरे क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान का सामना थाईलैंड से होगा.
महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा. बांग्लादेश अब केवल एक जीत दूर है. 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी बारिश से प्रभावित क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में इसी तरह ऊंची रैंकिंग वाली टीम को आगे बढ़ाने का प्रावधान इस्तेमाल किया गया था.
