आयरलैंड की दो बार ओलंपिक खेलों में हिस्सा ले चुकीं मध्यम दूरी की धाविका सियारा मैगीयन का 34 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह स्टेज-4 आंत के कैंसर से जूझ रही थीं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने रविवार सुबह 6:30 बजे अपने परिवार और करीबियों के बीच अंतिम सांस ली.

मैगीयन के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने अपने प्रियजनों से घिरे हुए कैंसर के खिलाफ लड़ाई गंवाई. बयान में उन्हें बेटी, बहन, पत्नी, दोस्त और कई लोगों के लिए प्रेरणा बताया गया. इसमें आयरिश भाषा का शोक संदेश ‘Ar dheis Dé go raibh a hanam’ भी लिखा गया, जिसका अर्थ है—ईश्वर उनके आत्मा को शांति दे.

मैगीयन ने पिछले वर्ष अपनी बीमारी की जानकारी सार्वजनिक की थी. उन्हें मई 2025 में आंत के कैंसर का पता चला था, जो बाद में स्टेज-4 बताया गया. उनका निधन शादी के कुछ ही सप्ताह बाद हुआ. वह नॉर्दर्न आयरलैंड के काउंटी डाउन स्थित पोर्टाफेरी की रहने वाली थीं.

रोम में पूरा हुआ यूरोपीय खिताब का इंतजार

मैगीयन के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2024 की यूरोपीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आई. रोम में उन्होंने महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर यूरोपीय चैंपियन का खिताब हासिल किया. यह उनका पहला प्रमुख सीनियर चैंपियनशिप खिताब था.

इससे पहले उन्होंने 2016 यूरोपीय चैंपियनशिप में 1500 मीटर का कांस्य और 2022 में रजत पदक जीता था. इस तरह आठ वर्षों में उन्होंने इसी प्रतियोगिता में कांस्य से रजत और फिर स्वर्ण तक का सफर पूरा किया. 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वह 1500 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रही थीं.

ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में उपलब्धियां

मैगीयन ने रियो 2016 और टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व किया था. वह पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भी दावेदार थीं, लेकिन एड़ी की चोट के कारण उन्हें नाम वापस लेना पड़ा. उसी वर्ष उन्होंने रोम में यूरोपीय स्वर्ण पदक जीता था.

उन्होंने बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में नॉर्दर्न आयरलैंड के लिए 1500 मीटर में रजत पदक भी जीता. एथलेटिक्स आयरलैंड ने उनके निधन पर शोक जताते हुए उन्हें प्रेरणादायी और बेहद लोकप्रिय खिलाड़ी बताया. संस्था ने कहा कि उनका साहस, गर्मजोशी और व्यक्तित्व लंबे समय तक याद किया जाएगा.