भारत की तान्या ने दकार 2026 यूथ ओलंपिक में महिलाओं के 75 किलोग्राम बीच रेसलिंग वर्ग में रजत पदक जीता. इसके साथ वह यूथ ओलंपिक में बीच रेसलिंग पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं. बीच रेसलिंग इन खेलों में पहली बार शामिल की गई है.

तान्या ने सेमीफाइनल में अमेरिका की मटिल्डा ऐन ह्रुबी को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. स्वर्ण पदक मुकाबले में उन्हें चीन की मिन झाओ ने 2-1 से मात दी. तान्या ने फाइनल तक पहुंचने से पहले चार मुकाबले जीते.

इस रजत के साथ दकार यूथ ओलंपिक में भारत के पदकों की संख्या सात हो गई है. भारतीय दल के खाते में अब तीन रजत और चार कांस्य पदक हैं.

तीरंदाजी में जीत से शुरुआत

भारत की गाथा आनंद राव खड़के ने महिला व्यक्तिगत तीरंदाजी के 1/16 एलिमिनेशन राउंड में आइवरी कोस्ट की सीता सोरे को 6-0 से हराया और अगले दौर में प्रवेश किया.

दूसरी ओर, पुरुषों के 80 किलोग्राम बीच रेसलिंग ग्रुप चरण में दीपांशु खोखर को तीनों मुकाबलों में हार मिली. वह मोरक्को के अब्देलजलील बेनेल्यासर से 2-3, अजरबैजान के निहाद सुलेमानली से 0-3 और अल्जीरिया के यासेर क्रालेद कबीर से भी हार गए.