दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डिवाल्ड ब्रेविस ने महेंद्र सिंह धोनी के साथ साझा किए अनुभवों को याद करते हुए उन्हें अपना मेंटर बताया है. ब्रेविस ने सोशल मीडिया पर लिखे संदेश में धोनी के मार्गदर्शन और युवा खिलाड़ियों से बातचीत के लिए उनका आभार जताया.

ब्रेविस के मुताबिक, उनकी धोनी से पहली मुलाकात 2022 में हुई थी. उस समय वह मुंबई इंडियंस से जुड़े युवा खिलाड़ी थे. उन्होंने बताया कि क्रीज पर अपने पीछे धोनी को देखकर वह काफी अभिभूत हो गए थे.

ब्रेविस ने लिखा कि 2025 और 2026 में CSK के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनना उनके लिए सपने जैसा अनुभव रहा. उन्होंने याद किया कि पहली बार साथ खेलने के बाद धोनी ने युवा खिलाड़ियों से बातचीत के लिए समय निकाला और उन्हें ऐसी सलाह दी, जो अब तक उनके साथ है.

ब्रेविस ने धोनी के IPL करियर को शानदार बताते हुए कहा कि CSK में उन्हें अपना मेंटर पाकर वह बेहद सम्मानित महसूस करते हैं.

धोनी का IPL रिकॉर्ड

धोनी ने IPL में 278 मैच खेले और 5,439 रन बनाए. विकेटकीपर के तौर पर उनके नाम 205 डिसमिसल हैं, जिनमें 158 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं. उनकी कप्तानी में CSK ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में IPL खिताब जीते.

2027 सीजन से धोनी CSK में मेंटर की भूमिका निभाएंगे. दूसरी ओर, ब्रेविस को IPL 2027 से पहले CSK ने बरकरार रखा है. CSK के लिए 17 IPL मैचों में उन्होंने 376 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 26.86 और स्ट्राइक रेट 154.70 रहा है.