भारतीय रेसिंग ड्राइवर डियोन गौड़ा 2027 सीजन में FIA Formula 3 में पदार्पण करेंगे. वह लैंडो नॉरिस की LN4 Fusion टीम के लिए रेस करेंगे. इस कदम के साथ गौड़ा F3 में प्रतिस्पर्धा करने वाले तीसरे भारतीय ड्राइवर बन जाएंगे. उनसे पहले जेहान दारूवाला और कुश मैनी इस सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

गौड़ा ने कहा कि LN4 Fusion से जुड़ना उनके लिए बेहद उत्साहजनक है और FIA F3 में रेस करना उनका सपना रहा है. उन्होंने टीम के साथ काम शुरू करने को लेकर खुशी जताई.

कार्टिंग से F3 तक का सफर

18 वर्षीय गौड़ा ने एशिया और यूरोप में कार्टिंग के बाद 2023 की F4 UAE विंटर सीरीज से सिंगल-सीटर रेसिंग की शुरुआत की. इसके बाद ब्रिटिश F4 में अपने रूकी अभियान के दौरान उन्होंने चार रेस जीतीं, तीन पोल पोजिशन हासिल कीं और छह पोडियम फिनिश दर्ज कीं. वह चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रहे.

गौड़ा F4 UAE, Italian F4 और Euro 4 में भी हिस्सा ले चुके हैं. वह पिछले दो सीजन से Formula Regional European Championship में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं. 2025 में उन्होंने FREC का रूकी खिताब जीता था.

LN4 Fusion की F3 टीम में गौड़ा के साथ जेम्स एगोज़ी और गैब्रियल गोमेज रेस करेंगे. यह टीम का F3 में पहला अभियान होगा.

टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डैन रिचर्ड्स ने कहा कि गौड़ा ने Formula Regional में अच्छी गति दिखाई और कई मौकों पर शीर्ष 10 में रहे. उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के साथ गौड़ा एक प्रतियोगी के रूप में आगे बढ़ेंगे.