दुर्ग जिले की विशेष पॉक्सो अदालत ने पांच वर्षीय बच्ची से लैंगिक अपराध के मामले में आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास सहित कई सजाएं सुनाई हैं. अदालत ने अलग-अलग धाराओं में आरोपी को 10 वर्ष और दो बार 7 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा भी दी. इसके अलावा कुल 13 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है. अर्थदंड जमा नहीं करने पर अतिरिक्त सश्रम कारावास का प्रावधान किया गया है.
न्यायिक अभिलेख के अनुसार, विशेष न्यायालय ने 25 सितंबर को दोषसिद्धि का फैसला सुनाया और 26 सितंबर को सजा का आदेश पारित किया. मामले में आरोपी की पहचान धनेंश्वर साहू उर्फ जनता (40), निवासी बंजारीपारा, उतई के रूप में हुई है.
अभियोजन के अनुसार, 10 अप्रैल को बच्ची दुकान से सामान लेने गई थी. आरोप है कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ अपराध किया. बाद में बच्ची को बांधकर बोरी में डालकर एक खंडहरनुमा घर के पास झाड़ियों में छोड़ दिया गया. वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्ची को देखा और अस्पताल पहुंचाया.
परिजनों की शिकायत पर उतई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया और जांच पूरी करने के बाद 25 अप्रैल को अदालत में अभियोग पत्र पेश किया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोजन चलाया गया.
मामले में विशेष लोक अभियोजक रूपवती तेलीदार ने अदालत में पैरवी की. पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल देने की अपील की है. पुलिस ने पीड़ित बच्चे की पहचान और निजता सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया.
