FIDE की नवंबर 2026 की विश्व रैंकिंग में आर. प्रज्ञानानंदा दुनिया के शीर्ष 10 में शामिल इकलौते भारतीय खिलाड़ी बने हुए हैं. वह 2763 रेटिंग अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं. मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश 2710 अंकों के साथ 26वें स्थान पर हैं.
ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने पहली बार विश्व रैंकिंग के शीर्ष 20 में जगह बनाई है. वह 2720 अंकों के साथ 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है. 41वें यूरोपियन चेस क्लब कप में उनके प्रदर्शन का इस सुधार में अहम योगदान रहा. बुडवा, मोंटेनेग्रो में हुए टूर्नामेंट में निहाल ने छह मुकाबलों में पांच अंक हासिल किए और बोर्ड-दो पर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता. इससे उनकी रेटिंग में 11 अंकों का इजाफा हुआ.
भारत के 13 खिलाड़ी ओपन वर्ग के टॉप 100 में शामिल हैं. प्रज्ञानानंदा के बाद अर्जुन एरिगैसी 12वें और विश्वनाथन आनंद 14वें स्थान पर हैं. पेंटाला हरिकृष्णा और कार्तिकेयन मुरली ने भी 11-11 रेटिंग अंक हासिल किए और क्रमशः 57वें तथा 58वें स्थान पर पहुंच गए. वहीं, लियोन ल्यूक मेंडोंका को 12 अंकों का नुकसान हुआ और वह टॉप 100 से बाहर हो गए.
महिला वर्ग में भारत की कोनेरू हम्पी 2520 अंकों के साथ नौवें स्थान पर देश की शीर्ष खिलाड़ी हैं. दिव्या देशमुख 12वें, आर. वैशाली 24वें और हरिका द्रोणावल्ली 26वें स्थान पर हैं. दीक्षिता मोडिपल्ली तीन टूर्नामेंट में 87 रेटिंग अंक गंवाकर 29वें से 87वें स्थान पर खिसक गईं.
फेडरेशन रैंकिंग में भारत ओपन, महिला और मिश्रित—तीनों वर्गों में दूसरे स्थान पर है. ओपन वर्ग में अमेरिका 2719 के औसत के साथ पहले और भारत 2706 के औसत के साथ दूसरे स्थान पर है. महिला और मिश्रित वर्गों में चीन शीर्ष पर है.
