ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की पारी 108 रन पर सिमट गई. इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज के तीसरे मुकाबले में मेजबान टीम 16.5 ओवर ही खेल सकी. यह ऑस्ट्रेलिया का घरेलू मैदान पर T20I क्रिकेट में सबसे कम स्कोर है. सीरीज 1-1 से बराबर होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो प्रभावी साबित हुआ.

ओवरटन और डॉसन ने बरपाया कहर

इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 12 रन देकर पांच विकेट लिए. लियाम डॉसन ने 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि सैम करन को एक सफलता मिली. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया.

ऑस्ट्रेलिया को जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश की. उन्होंने 11 गेंदों पर 22 रन बनाए. सैम हार्पर ने 14 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली, लेकिन दोनों के बाद इंग्लैंड ने दबाव बनाए रखा. डॉसन ने कप्तान मिचेल मार्श को 11 रन पर आउट किया. इसके बाद ओवरटन ने टिम डेविड, जोएल डेविस, निखिल चौधरी, बेन द्वारशुइस समेत प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.

निखिल चौधरी ने 19 और मिचेल ओवेन ने 16 रन बनाए, लेकिन ये पारियां टीम को संभालने के लिए पर्याप्त नहीं रहीं. सैम करन ने ऑस्ट्रेलिया की पारी का आखिरी विकेट लिया और इंग्लैंड के सामने 109 रन का लक्ष्य रखा.

108 रन गाबा में T20 क्रिकेट की पहली पारी का भी सबसे कम स्कोर है. ऑस्ट्रेलिया का इंग्लैंड के खिलाफ T20I में इससे कम स्कोर 2005 में साउथैम्पटन में बना 79 रन है.