न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ पांचवें और आखिरी T20I में द्विपक्षीय T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. हैमिल्टन के सेडन पार्क में होने वाले मुकाबले से पहले फिलिप्स के नाम सीरीज में 276 रन हैं.
फिलिप्स ने चौथे T20I में 49 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली थी. अब उन्हें इंग्लैंड के फिल सॉल्ट का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए आखिरी मैच में 56 रन बनाने होंगे. सॉल्ट ने दिसंबर 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच T20I में 331 रन बनाए थे. पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान 316 रन के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ छह मैचों की सीरीज में यह स्कोर बनाया था.
फिलिप्स के पास न्यूजीलैंड के बल्लेबाज द्वारा एक द्विपक्षीय T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी हासिल करने का मौका है. मार्क चैपमैन ने 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों में 290 रन बनाए थे. फिलिप्स को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 15 रन चाहिए.
अब तक केवल दो बल्लेबाज द्विपक्षीय T20I सीरीज में 300 या उससे अधिक रन बना सके हैं. फिलिप्स अर्धशतक लगाते हैं तो वह एक सीरीज में चार या उससे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बन सकते हैं. मोहम्मद रिजवान और जापान के सबाओरिश रविचंद्रन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
