केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को गुजरात में भारत की पहली LNG से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके साथ ही वे 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे.
LNG यानी लिक्विफाइड नेचुरल गैस से चलने वाली इस ट्रेन की खासियत इसका ड्यूल-फ्यूल इंजन है. इंजन जरूरत के अनुसार LNG और डीजल के बीच स्विच कर सकता है. पूरी तरह भरे एक LNG टैंक के साथ ट्रेन करीब 2,200 किलोमीटर तक चल सकती है.
मेहसाणा-साबरमती के बीच हुआ ट्रायल
परियोजना के तहत 1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाली दो ड्राइविंग पावर कार को LNG ड्यूल-फ्यूल प्रणाली में बदला गया है. ट्रेन का 2,000 किलोमीटर से अधिक का फील्ड ट्रायल पूरा हो चुका है. गुजरात में मेहसाणा और साबरमती के बीच करीब आठ महीने तक इसका परीक्षण किया गया. आगे 8 से 10 और ट्रेनों में LNG तकनीक अपनाने की योजना है.
अहमदाबाद के डीआरएम वेद प्रकाश के अनुसार, LNG की लागत डीजल की तुलना में कम होने से परिचालन खर्च घट सकता है. उनके मुताबिक, इस ईंधन से कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और धूल के कणों का उत्सर्जन भी कम होगा. LNG प्रणाली से इंजन की शक्ति डीजल इंजन के समान बनी रहने का दावा किया गया है.
साबरमती में 700 करोड़ का लोकोमोटिव शेड
साबरमती में करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से WAG-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड बनाया गया है. यहां लगभग 12,000 हॉर्सपावर क्षमता वाले 300 WAG-12 इलेक्ट्रिक मालगाड़ी इंजनों के रखरखाव की सुविधा होगी.
इसके अलावा 313.27 करोड़ रुपये की लागत से साबरमती-सारखेज रेल लाइन के 21 किलोमीटर हिस्से को डबल करने की परियोजना भी शामिल है. इसे मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है. परियोजना में साबरमती, गांधीग्राम, वस्त्रापुर और सारखेज स्टेशनों से जुड़े कार्य, पुल और रोड अंडरपास भी शामिल हैं.
