भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है. BCCI ने बुधवार, 9 सितंबर 2026 को ऑस्ट्रेलिया ए के भारत दौरे के लिए मल्टी-डे और वनडे टीमों की घोषणा की.
BCCI की सूची के अनुसार, रुतुराज गायकवाड़ वनडे टीम के कप्तान और देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे. पांड्या का नाम वनडे टीम में है, लेकिन उनके चयन के साथ फिटनेस क्लीयरेंस की शर्त जोड़ी गई है.
वनडे टीम में प्रियंश आर्य, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अर्शद खान, नमन धीर, हार्दिक पांड्या, प्रभसिमरन सिंह, गुरजपनीत सिंह और यश ठाकुर शामिल हैं.
पुडुचेरी में होंगे सभी मुकाबले
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो मल्टी-डे मैच 22 से 25 सितंबर और 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक खेले जाएंगे. इसके बाद तीन वनडे मुकाबले 6, 9 और 11 अक्टूबर को होंगे. सभी मैच पुडुचेरी में निर्धारित हैं.
मल्टी-डे टीम की कप्तानी देवदत्त पडिक्कल करेंगे, जबकि साई सुदर्शन उपकप्तान होंगे. इस टीम में अमन मोकाड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़, शेख रशीद, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन और तुषार देशपांडे समेत अन्य खिलाड़ी शामिल हैं.
