हर्षित राणा की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी को एक और झटका लगा है. मंगलवार को रिटर्न-टू-प्ले (RTP) प्रक्रिया के तहत हुए मैच सिमुलेशन के दौरान तेज गेंदबाज को चोट लग गई. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, चोट की स्थिति फिलहाल अच्छी नहीं बताई जा रही है और इससे अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी T20 सीरीज के साथ-साथ एशियन गेम्स में उनके खेलने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20 मैच 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाने हैं. सभी मुकाबले दिल्ली में होंगे, हालांकि इस द्विपक्षीय सीरीज का आधिकारिक मेजबान अफगानिस्तान है. भारतीय टीम को 18 सितंबर को दिल्ली से एशियन गेम्स के लिए रवाना होना है.

चोटों के बाद वापसी की कोशिश कर रहे थे राणा

राणा को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे T20 मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. इसके बाद भारत के 2026 पुरुष T20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में उनके घुटने में चोट आई. उन्हें विश्व कप से बाहर कर दिया गया था.

घुटने की चोट के बाद राणा की सर्जरी हुई और वह IPL 2026 में भी नहीं खेल सके. वह कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े हैं. रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद उन्हें 20 जून को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे ODI के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था. अब मैच सिमुलेशन के दौरान लगी नई चोट ने उनकी वापसी की समयसीमा को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है.

सुंदर और नितीश की वापसी को मंजूरी

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी को खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया है. वॉशिंगटन सुंदर ने भी वापसी के लिए जरूरी फिटनेस मानक पूरे कर लिए हैं. इससे टीम प्रबंधन को कुछ राहत मिली है, लेकिन राणा और जसप्रीत बुमराह की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही टीम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सकेगा.

बुमराह की फिटनेस पर जल्द जानकारी मिलने की उम्मीद है. इसके बाद टीम अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स के लिए अपनी योजनाएं तय करेगी. एशियन गेम्स से पहले भारत को 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र T20 मैच भी खेलना है. यह मुकाबला तोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में प्रस्तावित है.