अल्जीरिया की ओलंपिक चैंपियन मुक्केबाज इमाने खलीफ 15 दिसंबर को पेरिस में रिंग में वापसी करेंगी. यह पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका पहला मुकाबला होगा. छह राउंड के इस पेशेवर मुकाबले में उनका सामना नीदरलैंड की 21 वर्षीय क्लारिडा सराबिया से होगा. मुकाबले की घोषणा शुक्रवार को पेरिस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई.
सराबिया ने अब तक चार पेशेवर मुकाबले लड़े हैं और सभी में जीत दर्ज की है. खलीफ इससे पहले अप्रैल में जूलिया इगल के खिलाफ मुकाबले के लिए निर्धारित थीं, लेकिन चोट के कारण उन्हें हटना पड़ा था.
ओलंपिक जीत के बाद लंबा अंतराल
खलीफ ने पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के वेल्टरवेट वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था. उनकी भागीदारी को लेकर पात्रता विवाद भी हुआ था. इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन ने 2023 विश्व चैंपियनशिप से उन्हें सेक्स क्रोमोसोम टेस्ट के आधार पर अयोग्य ठहराया था. हालांकि, पेरिस ओलंपिक में वह प्रतियोगिता में शामिल हुईं और स्वर्ण पदक जीता.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Stair Event के सोशल मीडिया पर साझा किए गए प्रचार वीडियो में खलीफ ने अपनी वापसी को लेकर कहा कि लंबे अंतराल के दौरान उन्होंने अभ्यास और तैयारी जारी रखी. उन्होंने संकेत दिया कि यह मुकाबला उनके लिए व्यक्तिगत करियर से आगे, उन लोगों के समर्थन का प्रतीक भी है जो हार नहीं मानते.
2028 ओलंपिक पर स्थिति स्पष्ट नहीं
2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में उनकी भागीदारी अभी तय नहीं है. World Boxing ने अपने आयोजनों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य सेक्स टेस्टिंग शुरू की है. खलीफ ने कहा था कि वह आनुवंशिक जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन इसे केवल इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की निगरानी में कराना चाहती हैं.
उनके कोच कामेल अब्देलसलाम ने संकेत दिया है कि खलीफ की दोबारा ओलंपिक में उतरने में रुचि नहीं है, क्योंकि वह पहले ही ओलंपिक चैंपियन बन चुकी हैं.
