भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया. 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 42वें ओवर में 252 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी कर पाकिस्तान से जीत छीन ली.

भारत को आखिरी 51 गेंदों में 86 रन चाहिए थे और उसके केवल दो विकेट बाकी थे. नंबर-7 पर उतरे मनल चौहान और नंबर-10 के बल्लेबाज मोहित उल्वा ने सिर्फ 5.5 ओवर में 57 रन जोड़कर मुकाबले का रुख बदल दिया. दोनों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की लाइन और लेंथ का फायदा उठाया.

मनल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद भारत को 16 गेंदों में 29 रन चाहिए थे और केवल एक विकेट बचा था. मोहित को सी वेंकट का साथ मिला. वेंकट ने अपने पहले मैच में आठ गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया.

आखिरी ओवर में भारत को आठ रन चाहिए थे. अहमद हुसैन ने शुरुआती पांच गेंदों पर वाइड समेत पांच रन दिए. अंतिम गेंद पर भारत को तीन रन की जरूरत थी. मोहित ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से चौका लगाकर भारत को एक विकेट से जीत दिला दी. वह 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

आर्यवीर और अन्वय द्रविड़ भी चर्चा में रहे

फाइनल से पहले आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ पर खास नजर थी. वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने चोट के बावजूद 61 गेंदों पर 58 रन बनाए और लक्ष्य रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े. लक्ष्य ने 101 गेंदों पर 80 रन बनाए. अन्वय द्रविड़ प्लेइंग इलेवन में शामिल थे, लेकिन वह बिना रन बनाए रन आउट हो गए.

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए थे. उस्मान खान ने 106 गेंदों पर 107 रन बनाए, जबकि अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली.

भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी 10 ओवर में वापसी की. पाकिस्तान ने इस दौरान छह विकेट गंवाकर 63 रन बनाए. काव्या पटेल ने 68 रन देकर चार विकेट और सी वेंकट ने 40 रन देकर तीन विकेट लिए. हालांकि भारतीय टीम की फील्डिंग में कम से कम तीन कैच छूटे, लेकिन मनल, मोहित और वेंकट की साझेदारी ने भारत को खिताब दिला दिया.