भारत ने महिला टी20 एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई.
यह भारत का महिला एशिया कप में आठवां खिताब है. इस जीत के साथ टीम ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का भी जवाब दिया.
शफाली और स्मृति ने रखी मजबूत नींव
भारत की पारी की शुरुआत शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. शफाली ने 39 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे. स्मृति ने भी 39 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली.
मध्य ओवरों में श्रीलंका ने कुछ विकेट लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन गुनालन कमलिनी ने पांच गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाकर भारत को 183 रन तक पहुंचाया. उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का भी लगाया.
साझेदारी टूटते ही बिखरी श्रीलंकाई पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने शुरुआती विकेट गंवाया, लेकिन चामरी अटापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने 58 रन की साझेदारी कर टीम की उम्मीदें जगाईं. अटापट्टू 36 और गुणारत्ने 20 रन बनाकर आउट हुईं. दोनों के एक ही ओवर में पवेलियन लौटने के बाद श्रीलंका की पारी संभल नहीं सकी.
भारत की गेंदबाजी में श्रेया चारणी सबसे प्रभावी रहीं. उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिए. दीप्ति शर्मा ने दो विकेट हासिल किए. श्रीलंका 63/3 से फिसलकर 103/7 पर पहुंचा और आखिरकार पारी की आखिरी गेंद पर 111 रन पर ऑलआउट हो गया.
