भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना होने से पहले किट से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. टीम के कुछ खिलाड़ियों को सही साइज की आधिकारिक जर्सी और अन्य परिधान समय पर नहीं मिल पाए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समस्या भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के आधिकारिक किट सप्लायर JSW Inspire और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच समन्वय से जुड़ी थी. हालांकि, अधिकांश साइजिंग समस्याएं अब सुलझा ली गई हैं और बाकी किट जल्द पहुंचने की उम्मीद है.
दो मुकाबलों के लिए अलग किट
भारतीय टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र T20 मुकाबले में अपनी नियमित BCCI किट पहनेगी. इसके बाद 28 सितंबर से एशियन गेम्स के क्रिकेट अभियान में आधिकारिक भारतीय दल की जर्सी इस्तेमाल की जाएगी.
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम को पुरुषों के क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिला है. भारत 28 सितंबर को ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से खेलेगा. टीम के ठहरने को लेकर भी BCCI ने नागोया में अलग व्यवस्था की है.
