भारत ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की अपनी दावेदारी के लिए अभियान तेज करते हुए पहली ओलंपिक फिल्म लॉन्च की है. केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पुणे में ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण के दौरान फिल्म जारी की.
फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ ओलंपिक पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू, पैरा तीरंदाज शीतल देवी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना नजर आती हैं. अभियान का हैशटैग #IndiaReady4Olympics रखा गया है.
2036 मेजबानी दावेदारी पर फोकस
फिल्म में भारत के खेल परिदृश्य में हो रहे बदलाव और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की देश की महत्वाकांक्षा को केंद्र में रखा गया है. भारत उन सात देशों में शामिल है, जिन्होंने 2036 खेलों की मेजबानी में औपचारिक रुचि जताई है.
भारतीय ओलंपिक संघ ने 26 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की फ्यूचर होस्ट आयोग के समक्ष भारत का विजन और प्रस्तावित रोडमैप पेश किया था. आईओसी के मुताबिक, 2036 के लिए चयन प्रक्रिया के अगले चरण पर मार्च 2027 में विचार होना है.
