भारत में फॉर्मूला 1 और मोटरस्पोर्ट्स के विकास तथा संभावित वापसी के लिए खेल मंत्रालय ने एक टास्क फोर्स गठित की है. समिति का नेतृत्व नीति आयोग के युगल किशोर जोशी करेंगे. इसका प्रमुख लक्ष्य 2028 में भारत में फॉर्मूला 1 रेस आयोजित करने की व्यवहार्यता का आकलन करना है.

टास्क फोर्स भारत के मोटरस्पोर्ट्स इकोसिस्टम का व्यापक अध्ययन करेगी और इसके विकास में आ रही बाधाओं की समीक्षा करेगी. इनमें कराधान से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं. समिति मोटरस्पोर्ट्स के टिकाऊ विकास के लिए नीतिगत हस्तक्षेपों की पहचान करके एक समन्वित रोडमैप तैयार करेगी.

समिति प्रमुख मोटरस्पोर्ट्स आयोजनों से मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय, आर्थिक, पर्यटन और निवेश संबंधी लाभों का भी आकलन करेगी. इसके साथ ही वह जरूरी प्राथमिकताओं, बुनियादी ढांचे और आयोजनों के संचालन से जुड़ी जरूरतों की पहचान करेगी. मोटरस्पोर्ट्स के लिए व्यापक नीति ढांचे और सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मॉडल की संभावनाओं पर भी सिफारिशें देने की जिम्मेदारी टास्क फोर्स को दी गई है.

टास्क फोर्स में कौन-कौन शामिल

समिति में खेल विभाग के संयुक्त सचिव, वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव और पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त सचिव शामिल होंगे. राजस्व विभाग के तहत CBIC और CBDT के प्रतिनिधि भी इसका हिस्सा होंगे. उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकारों के प्रतिनिधियों के अलावा Buddh International Circuit और Madras International Circuit के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है.

Federation of Motor Sports Clubs of India के अध्यक्ष या महासचिव और FMSCI की ओर से नामित तकनीकी विशेषज्ञ भी समिति में रहेंगे. जरूरत के मुताबिक अध्यक्ष किसी अन्य सदस्य को सहयोजित कर सकते हैं.

भारत ने आखिरी बार 2013 में ग्रेटर नोएडा के Buddh International Circuit में फॉर्मूला 1 ग्रां प्री की मेजबानी की थी.