भारत 2028 में पहली बार एशियाई सीनियर वुशू चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा. प्रतियोगिता में एशिया के 42 देशों से करीब 500 खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है.

मेजबानी का निर्णय जापान के नागोया में हुई Wushu Federation of Asia Congress की बैठक में मंजूर किया गया. बैठक में भारत की ओर से Wushu Association of India के प्रतिनिधि सुहेल अहमद शामिल हुए.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रतियोगिता अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी. यह चैंपियनशिप का 11वां संस्करण होगा. खिलाड़ियों के अलावा विभिन्न देशों के कोच, जज, तकनीकी अधिकारी और खेल प्रशासकों के भी आयोजन में पहुंचने की उम्मीद है.

कांग्रेस के दौरान Wushu Association of India के भूपेंद्र सिंह बजवा को Wushu Federation of Asia की Executive Committee में शामिल किया गया. उन्होंने भारत में आयोजन को देश के वुशू जगत के लिए गर्व का अवसर बताया और अंतरराष्ट्रीय स्तर का उच्च गुणवत्ता वाला आयोजन कराने पर जोर दिया.

बजवा के मुताबिक, भारतीय वुशू समुदाय को एक साझा लक्ष्य और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा, ताकि भारत में होने वाली चैंपियनशिप संगठन और भव्यता के मामले में नया मानक स्थापित कर सके.