जापान के कप्तान केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग ने भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र T20I को अपने देश में क्रिकेट के विकास के लिए अहम अवसर बताया है. यह मुकाबला 22 सितंबर को जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा.
जापान इस मैच के लिए वही 15 सदस्यीय समूह उतारने की तैयारी में है, जिसे 2026 एशियाई खेलों के लिए भी चुना गया है. काडोवाकी-फ्लेमिंग टीम की अगुआई करेंगे और वह जापान के पुरुष T20I क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. टीम में चार्ली हारा-हिन्जे और बेंजामिन इतो-डेविस समेत अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है.
जापानी टीम के लिए भारत जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ मुकाबला केवल एक ऐतिहासिक अवसर नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने का मौका भी है. इसके बाद टीम आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में हिस्सा लेगी.
भारत-जापान मैच को ‘Sport 75’ पहल का पहला कदम बताया गया है. इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेलों के जरिए संपर्क और सहयोग बढ़ाना है. जापान को उम्मीद है कि भारत के खिलाफ मुकाबला और एशियाई खेल देश में, जहां बेसबॉल अधिक लोकप्रिय है, क्रिकेट को नई पहचान दिला सकते हैं.
