नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा के दौरान भारत और नेपाल ने शिक्षा, खेल, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और आपदा पुनर्निर्माण सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बलेंद्र शाह के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई बैठक के बाद दोनों देशों ने एक संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया.

भारत ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज घोषित किया है. यह राशि 15,000 करोड़ रुपये से अधिक के बराबर बताई गई है. पैकेज का संबंध अगस्त में आए गंभीर भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद, पुनर्निर्माण और भविष्य की आपदा-तैयारी से है. इसका उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में नए अवसर और बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए किया जाना है.

शिक्षा और युवाओं के लिए पहल

भारत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा. इसके साथ स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनाया जाएगा. नेपाल के छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रमों में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाने की बात भी कही गई है. दोनों पक्षों ने खाद्य प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन पर केंद्रित एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क के विकास में सहयोग पर सहमति जताई.

खेलों में खासतौर पर क्रिकेट के लिए नेपाल में बुनियादी ढांचा विकसित करने और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में मदद देने का फैसला किया गया है. इससे नेपाल में क्रिकेट सुविधाओं और प्रतिभा विकास को समर्थन मिलने की उम्मीद है.

ऊर्जा और ईंधन सहयोग

बैठक के दौरान लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला से जुड़ा कार्यक्रम हुआ और अरुण-III परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई. दोनों देशों के अनुसार, नेपाल की जलविद्युत क्षमता का इस्तेमाल घरेलू जरूरतों के साथ बिजली निर्यात के लिए भी किया जा सकता है, जिसमें भारत एक महत्वपूर्ण बाजार होगा.

भारत ने मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन किया. झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला भी रखी गई. इन परियोजनाओं का उद्देश्य नेपाल में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को अधिक भरोसेमंद और प्रभावी बनाना है.

सीमा-पार संपर्क और व्यापार

उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला रोड ब्रिज का उद्घाटन किया गया. बनबसा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई, जबकि नेपाल की ओर दोधारा-चांदनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम तेज करने की बात कही गई. बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य भारतीय राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाली सड़क, रेल और सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा.

ट्रांजिट व्यापार के लिए नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देने की घोषणा की गई. इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई. दोनों देशों ने लुंबिनी, बोधगया और साझा बौद्ध तथा शिव-शक्ति तीर्थस्थलों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी सहमति जताई.