भारत और पाकिस्तान के बीच 2026 एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट फाइनल बारिश से प्रभावित हो सकता है. मुकाबला शनिवार को निशिन में खेला जाना है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह बारिश की 62 प्रतिशत संभावना है, जो दोपहर में घटकर 25 प्रतिशत रह सकती है. तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने और बादल छाए रहने का अनुमान है.

बारिश से मैच रद्द हुआ तो क्या होगा

अगर बारिश के कारण फाइनल में कोई परिणाम नहीं निकलता है, तो इस बार स्वर्ण पदक का फैसला पिछली एशियन गेम्स जैसी रैंकिंग के आधार पर नहीं होगा. 2023 में हांगझोउ एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट फाइनल बारिश से धुल गया था. उस समय भारत को ऊंची T20I रैंकिंग के आधार पर विजेता घोषित किया गया था.

2026 एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक, बिना परिणाम फाइनल समाप्त होने पर भारत और पाकिस्तान दोनों को संयुक्त स्वर्ण पदक दिया जाएगा. यानी किसी एक टीम को अकेले चैंपियन घोषित नहीं किया जाएगा.

भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 169 रन बनाए. इसके बाद जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की पारी 45 रन पर समेट दी.

पाकिस्तान ने भी अपना सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश किया है. यह एशियन गेम्स की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत और पाकिस्तान की पहली आमने-सामने की भिड़ंत होगी. भारत मौजूदा चैंपियन है और जापान में मजबूत टीम के साथ उतरा है. जीत मिलने पर वह हांगझोउ में जीता स्वर्ण बरकरार रखेगा, लेकिन बारिश ने मैच का नतीजा रोका तो दोनों टीमों को स्वर्ण साझा करना पड़ेगा.