भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप मुकाबले में पाकिस्तान की फील्डिंग का एक मौका चर्चा में आ गया. भारतीय पारी के 44वें ओवर में ऊंचा कैच लेने के लिए तीन पाकिस्तानी खिलाड़ी एक साथ गेंद की ओर दौड़े, लेकिन आखिरी क्षण में सभी पीछे हट गए. गेंद जमीन पर गिर गई और भारत को अतिरिक्त मौका मिल गया.

यह घटना तब हुई, जब भारत का स्कोर 202 रन था और उसके हाथ में एक विकेट बचा था. मोहम्मद सय्याम की गेंद पर काव्या पटेल ने आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में चली गई. सय्याम के साथ विकेटकीपर हमजा जहूर और फील्डर उस्मान खान भी कैच लेने पहुंचे थे. हालांकि, तीनों में से किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली और गेंद सुरक्षित रूप से नीचे गिर गई.

मौका छूटने के बाद सय्याम अपने साथियों से नाराज नजर आए. दूसरी ओर, काव्या पटेल और ईशान सूद को इस घटनाक्रम के बाद मुस्कुराते देखा गया.

इससे पहले अर्जुन राजपूत ने 85 गेंदों पर 107 रन बनाकर भारत की पारी को संभाला. भारत ने एक समय 86 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे. हालांकि, पाकिस्तान ने भारत को 46.3 ओवर में 208 रन पर ऑलआउट कर दिया और जीत के लिए 209 रन का लक्ष्य मिला.